Friday, January 30, 2026

Mathura News: डीडीयूपी पर बजेगा ब्रज का रंग, दिखेंगी ब्रजरज उत्सव की नृत्य नाटिकाएं

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 22, 2025

Mathura News: डीडीयूपी पर बजेगा ब्रज का रंग, दिखेंगी ब्रजरज उत्सव की नृत्य नाटिकाएं

दिनेश कुमार, मथुरा

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित ब्रजरज उत्सव–2025 की सांस्कृतिक छटा अब घर-घर तक पहुंचेगी। उत्सव के अंतर्गत प्रस्तुत की गईं चर्चित नृत्य नाटिकाएँ जल्द ही दूरदर्शन उत्तर प्रदेश (डीडीयूपी) पर प्रसारित की जाएंगी। इस प्रसारण के माध्यम से ब्रज की कला, संस्कृति और आध्यात्मिक भावनाओं को प्रदेश ही नहीं, देशभर के दर्शक टेलीविजन पर देख सकेंगे।


ब्रजरज उत्सव–2025 में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं दो नृत्य नाटिकाएँ—‘यशोदा–कृष्ण’ और ‘गीता सार’—को विशेष रूप से चुना गया है। नृत्य नाटिका ‘यशोदा–कृष्ण’ का मंचन मथुरा की सांसद एवं प्रख्यात अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा किया गया था। इस प्रस्तुति में भगवान श्रीकृष्ण और माता यशोदा के वात्सल्य भाव को नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसे दर्शकों ने उत्सव के दौरान खूब सराहा।

यह भी पढ़ें-  यातायात सुधार सिर्फ कागजों में नहीं हकीकत में दिखाई दे

वहीं, अभिनेता एवं निर्देशक पुनीत इस्सर द्वारा अभिनीत और निर्देशित नाट्य प्रस्तुति ‘गीता सार’ भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों और गीता के संदेशों को नाट्य शैली में प्रस्तुत करती है। यह नाटिका जीवन, कर्म और धर्म के गूढ़ अर्थों को सरल और प्रभावी ढंग से दर्शकों तक पहुंचाती है।

दूरदर्शन मथुरा के सहायक निदेशक (कार्यक्रम) सत्यबृत सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद पिछले कई वर्षों से ब्रजरज उत्सव का आयोजन कर रही है, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि ‘यशोदा–कृष्ण’ का प्रसारण डीडीयूपी पर 29 दिसंबर, 5 जनवरी 2026 और 12 जनवरी 2026 को प्रत्येक सोमवार रात्रि 10:30 बजे किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- फाइलों से बाहर निकलीं सरकारी योजनाएं, घर-घर जाकर बता रहे अधिकारी

इसके बाद 19 जनवरी से 16 फरवरी 2026 तक, कुल छह कड़ियों में ‘गीता सार’ का नियमित प्रसारण होगा। उन्होंने बताया कि दोनों प्रस्तुतियों की रिकॉर्डिंग ब्रजरज उत्सव–2025 के दौरान दूरदर्शन मथुरा द्वारा की गई है, जिससे उत्सव की जीवंतता और भव्यता स्क्रीन पर भी दिखाई देगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.