उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी बरेली के निर्देशों के क्रम में तहसील मीरगंज अंतर्गत विकास खंड फतेहगंज पश्चिमी की ग्राम पंचायत ठिरिया खेतल स्थित पंचायत भवन में सुशासन सप्ताह के अवसर पर जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता कर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जन चौपाल में उपस्थित लोगों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें माननीय मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, कन्या सुमंगला योजना, शादी अनुदान योजना तथा सामूहिक विवाह योजना प्रमुख रूप से शामिल रहीं। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ की विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया।
इस अवसर पर गांव के कई लोगों ने राशन कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन समय पर न आने से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। एसडीएम आलोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर लाभार्थियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जन चौपाल में क्षेत्रीय लेखपाल, स्थानीय रोजगार सेवक, बूथ लेवल अधिकारी, पंचायत सहायक सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद मजबूत हुआ तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।