बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास की निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को बरेली जनपद के नगर पंचायत मीरगंज में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद का पुतला दहन कर नारेबाजी की और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान विहिप के जिला सहमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समाज पर लगातार हो रहे अत्याचार और हिंसक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। दीपू दास की नृशंस हत्या मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी निंदा होनी चाहिए। उन्होंने भारत सरकार से इस मामले को वैश्विक मंचों पर गंभीरता से उठाने तथा बांग्लादेश सरकार पर अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का दबाव बनाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार बंद नहीं होते और दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में संघ प्रचारक नितिन जी, शिवम गंगवार, अंकित कुर्मी, सुमित कुमार (प्रखंड अध्यक्ष), योगेंद्र गंगवार, प्रिंसी चौहान, राहुल, विशाल गंगवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में न्याय की मांग की।