Wednesday, April 1, 2026

KASGANJ NEWS झाल के पुल पक्की नहर में जानलेवा स्टंट: नहर में बाइक दौड़ाता युवक, तमाशबीनों की लगी भीड़, वीडियो वायरल

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 27, 2025

KASGANJ NEWS झाल के पुल पक्की नहर में जानलेवा स्टंट: नहर में बाइक दौड़ाता युवक, तमाशबीनों की लगी भीड़, वीडियो वायरल


जागरण टूडे, कासगंज

जनपद में सोशल मीडिया पर एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक नहर के भीतर बाइक चलाकर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है। यह घटना कासगंज के निचली नहर झाल पुल की बताई जा रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक नहर के पानी में बाइक उतारकर तेज रफ्तार में स्टंट कर रहा है, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही युवक ने नहर में बाइक चलानी शुरू की, उसे देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। पुल और नहर के आसपास तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि किसी ने भी युवक को रोकने या समझाने की कोशिश नहीं की। युवक लगातार अपनी जान को खतरे में डालते हुए स्टंट करता रहा, जबकि भीड़ मोबाइल से वीडियो बनाती रही।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब दो दिन पुराना है, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया है। वीडियो के वायरल होते ही प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट न केवल स्टंट करने वाले युवक की जान के लिए खतरा हैं, बल्कि आसपास मौजूद लोगों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि नहर में पानी के तेज बहाव, फिसलन और बाइक के नियंत्रण खोने की स्थिति में युवक की जान जा सकती थी। इसके बावजूद इसके, रोमांच और सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाह में युवक ने अपनी जान को दांव पर लगा दिया।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.