राज्य स्तर से प्रमुख सचिव के निर्देश पर बरेली मंडल की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों के स्थलीय निरीक्षण के लिए लखनऊ से एक विशेष टीम भेजी गई। इसी क्रम में लखनऊ से डॉ. चंदन एवं डॉ. गौरव सक्सेना को बरेली जनपद के मीरगंज ब्लॉक की स्वास्थ्य इकाइयों के निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
निरीक्षण टीम ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के साथ-साथ मीरगंज क्षेत्र की सभी प्राथमिक स्वास्थ्य इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। टीम ने पीएचसी आनंदपुर, हुरहुरी एवं जाम का दौरा कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान आरोग्य मेला सुचारू रूप से आयोजित पाया गया। मेले में ओपीडी सेवाएं, स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, दवा वितरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही थी। टीम ने पाया कि सभी गतिविधियां शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप संचालित की जा रही हैं।
दवा व्यवस्था की समीक्षा में यह सामने आया कि सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर ईडीएल (Essential Drug List) के अनुसार अधिकतम आवश्यक औषधियां उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है। साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण एवं स्टाफ की उपस्थिति भी संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वैभव राठौर, डॉ. रोहन दिवाकर, डॉ. विपुल कुमार, डॉ. सतेंद्र सिंह, खेम सिंह रावत, विनय पाल सिंह, हेमलता, संदीप कटियार, प्रेमपाल गौतम, मोहित कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण टीम ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।