नववर्ष के जश्न से पहले सुरक्षा के लिहाज से बरेली शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने रुख अपनाया है। 31 दिसंबर की सुबह 8 बजे से शहर की सीमाएं भारी वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी। भीड़, जाम और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने शरद ऋतु में लागू नो एंट्री को और ज्यादा सख्त करते हुए इसकी समय-सीमा बढ़ा दी है।
31 दिसंबर सुबह 8 से 1 जनवरीकी रात 2 बजे तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
अब 31 दिसंबर को सुबह 8 बजे से लेकर 1 जनवरी 2026 की रात 2 बजे तक नगर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को ही इस रोक से छूट दी गई है। एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान के मुताबिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा बाईपास और वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे भारी वाहन
उन्होंने बताया कि शहर के भीतर किसी भी हालत में भारी वाहन नहीं घुसने दिए जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों के लिए तयशुदा डायवर्जन लागू किया गया है। बदायूं, लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत, नैनीताल, दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन अब शहर के बजाय बड़े बाईपास और वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे।
शहर में भारी वाहन घुसा तो संबंधित पर होगी कार्रवाई
डायवर्जन को प्रभावी बनाने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और कट्स पर पुलिस बल तैनात किया गया है। झुमका तिराहा, विलवा, विलयधाम, लालपुर गांव कट, नवदिया झादा, इन्वर्टिस तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा जैसे संवेदनशील स्थानों पर थाना प्रभारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस को साफ निर्देश हैं कि डायवर्जन के दौरान कोई भी भारी वाहन शहर में घुसा तो सीधे कार्रवाई होगी।
जश्न के दौरान डायवर्जन का पालन करें
एसपी ट्रैफिक ने शहर वासियों से अपील की है कि वे जश्न के दौरान डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से वाहन लेकर बाहर न निकलें। यह सख्ती लोगों की सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए है।