नए साल में श्री राधा-रानी जी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उप-महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने नगर पंचायत बरसाना जाकर राधा-रानी मंदिर को जाने वाले मार्गों, गलियों और सीढ़ियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों, संकरी गलियों और सीढ़ियों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मार्गों में स्थित दुकानदारों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपने दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और किसी भी प्रकार से मार्ग को अवरुद्ध न करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों और पर्यटकों के लिए की गई सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और मार्ग संकेतकों की व्यवस्था की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी सीढ़ियों के मार्ग से पैदल चलते हुए श्री राधा-रानी जी मंदिर पहुंचे और व्यवस्थाओं को नजदीक से देखा।
मंडलायुक्त और पुलिस अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। विशेष रूप से पर्व, त्योहार और भीड़ वाले दिनों में सुरक्षा बलों की तैनाती, सफाई व्यवस्था और आपात सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि बरसाना में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में व्यवस्थाओं को सुचारू रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और पुलिस बल को सतर्क रहने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।