Friday, January 30, 2026

KASGANJ NEWS ढोलना के घिनौना गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज आरोप, नाबालिग लड़की की हत्या कर देर रात शव जला डाला

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 11, 2026

KASGANJ NEWS ढोलना के घिनौना गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज आरोप, नाबालिग लड़की की हत्या कर देर रात शव जला डाला


जागरण टुडे, कासगंज

थाना ढोलना क्षेत्र के गांव घिनौना नगला ढाय में नाबालिग लड़की की हत्या कर शव को देर रात श्मशान घाट में जलाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और श्मशान घाट से जली हुई चिता में से लड़की के अवशेष बरामद किए। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सचिन पुत्र लालबहादुर उम्र करीब 18 वर्ष शुक्रवार को पड़ोस की ही लड़की नेहा पुत्री शीशपाल उम्र लगभग 16 वर्ष को कथित तौर पर भगा ले गया था। बताया जा रहा है कि दोनों को लड़की के परिजनों ने शनिवार को आगरा से पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद लड़की को घर लाकर परिजनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों पर आरोप है कि हत्या के बाद मामले को छिपाने के उद्देश्य से देर रात करीब चार बजे गांव के श्मशान घाट में नेहा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना की जानकारी गांव के ही परसुराम को हुई, जिसने शनिवार सुबह करीब नौ बजे डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि शीशपाल ने अपनी नाबालिग बेटी की हत्या कर शव जला दिया है।

सूचना मिलते ही ढोलना पुलिस और इनायती चौकी इंचार्ज करन सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने खुलकर कुछ नहीं बताया। पुलिस ने करीब दो घंटे तक गांव में लड़की की तलाश की। इस दौरान गांव के प्रधान प्रतिनिधि विकास पर पुलिस को गुमराह करने का आरोप भी लगा है। बताया जा रहा है कि वह फोन पर पुलिस को यह कहता रहा कि लड़की और लड़का रिश्तेदारी में हैं और वह उन्हें लेकर आ रहा है।

पुलिस की तलाश श्मशान घाट तक पहुंची, जहां जलती हुई चिता से लड़की के बचे हुए अवशेष बरामद किए गए। इस दौरान यह भी सामने आया कि लड़का सचिन रात से ही लड़की के परिजनों के कब्जे में था। सचिन के परिजनों को आशंका थी कि उनके बेटे की भी हत्या न कर दी जाए।

फिलहाल ढोलना पुलिस ने सचिन को अपनी हिरासत में ले लिया है। लड़की और लड़के के परिजन गांव से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.