बहेड़ी। थाना बहेड़ी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल ने एक मजदूर की जिंदगी छीन ली। दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ख्यालीराम मौर्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गुरसौली निवासी ख्यालीराम पुत्र प्रेम शंकर बीते 18 जनवरी की शाम करीब 5 बजे मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मकसूदनपुर की पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति और लापरवाही से आई एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में ख्यालीराम का दाहिना हाथ टूट गया, दाहिनी आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई और सिर में गहरी चोट आने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को पहले सरकारी अस्पताल बहेड़ी ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद शुक्रवार सुबह 23 जनवरी को उनकी मृत्यु हो गई। ख्यालीराम पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। वे अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी देवी और दो बेटे करन,लालता प्रसाद छोड़ गए हैं।
अत्यंत गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनकी गंभीर हालत और आर्थिक तंगी की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों का दिल पसीज गया। युवक के जीवित रहते ग्रामीणों ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर घर-घर जाकर इलाज के लिए आर्थिक सहायता जुटाई और हरसंभव मदद की कोशिश की। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका, लेकिन ग्रामीणों की यह एकजुटता और सहयोग क्षेत्र में इंसानियत की मिसाल बन गया।
मृतक के भाई भूपराम ने बताया कि भाई के इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। शुक्रवार को कोतवाली बहेड़ी पहुंचकर दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच अवर निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने एफआईआर की प्रति शिकायतकर्ता को निशुल्क उपलब्ध कराते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।