बिसौली क्षेत्र के ग्राम नागपुर में शनिवार को पांच दिवसीय भगवान बुद्ध कथा का विधिवत शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य “राजू भैया” एवं ग्राम प्रधान देवेंद्र शाक्य द्वारा फीता काटकर किया गया। शुभारंभ के साथ ही पूरे गांव में आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
विधायक आशुतोष मौर्य के ग्राम नागपुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाएं पहनाकर एवं जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। कथा स्थल पर “बुद्धं शरणं गच्छामि” और भगवान बुद्ध की जय के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन स्थल भक्तिमय हो गया।
आयोजकों ने बताया कि इस पांच दिवसीय भगवान बुद्ध कथा का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, करुणा, अहिंसा, समता और भाईचारे जैसे भगवान बुद्ध के महान सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करना है। कथा के माध्यम से लोगों को सदाचार, नैतिक मूल्यों और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी जा रही है।
बुद्ध कथा का वाचन कथा वाचिका सोनम शाक्य बौद्ध द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने सरल, प्रेरक और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन और उपदेशों को श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया। कथा के प्रथम दिन भगवान बुद्ध के जन्म, तपस्या और ज्ञान प्राप्ति से जुड़े प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया गया। कथा वाचिका ने बताया कि भगवान बुद्ध ने संसार को हिंसा, वैमनस्य और द्वेष से दूर रहकर प्रेम, करुणा और शांति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कथा के दौरान श्रोताओं को आत्मचिंतन करने तथा अपने जीवन में संयम, सत्य और नैतिकता को अपनाने की प्रेरणा मिली। श्रद्धालु कथा को अत्यंत ध्यानपूर्वक सुनते नजर आए।
इस अवसर पर बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य “राजू भैया” ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती अशांति और वैमनस्य को दूर करने के लिए बुद्ध के संदेशों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।
आयोजकों ने बताया कि पांच दिवसीय भगवान बुद्ध कथा का समापन 28 जनवरी को होगा। इसके उपरांत 29 जनवरी को भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर सचिन कुमार, विमल किशोर, अनिल कुमार, रामदेव, श्रीराम डीलर, मेघराज, सतीश कुमार, नंदराम, प्रदीप कुमार, सोमवीर, जगदीश, चंद्रभान, राजवीर, अवधेश, धर्मवीर सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने आयोजन को सफल बनाने में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।