Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS सहावर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल — जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज रेफर

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 26, 2026

KASGANJ NEWS सहावर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल — जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज रेफर


जागरण टुडे,कासगंज

सहावर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुलायम सिंह इंटर कॉलेज गंज रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे बाद में जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नीरज कुमार (30) पुत्र जवाहर लाल एवं सुधीर कुमार (35) पुत्र हुकुम सिंह, निवासी नगला अंधा थाना सहावर, प्लेटिना मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मुलायम सिंह इंटर कॉलेज के पास गंज रोड पर पहुंची, तभी सामने से तेज गति से आ रही पल्सर मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पल्सर बाइक शुभम (28) पुत्र बॉबी गुप्ता, निवासी कटरा बाजार कस्बा सहावर चला रहा था। यह हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ।

भीषण टक्कर के चलते दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहावर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल कासगंज रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नीरज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुधीर कुमार की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। शुभम का इलाज जिला अस्पताल में जारी बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सहावर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्यवाही प्रचलित है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.