Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News : पुरानी रंजिश में भाजपा से जुड़े दो पक्षों में जमकर मारपीट, दोनों ओर से 7 नामजद पर मुकदमा दर्ज

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 29, 2026

Bareilly News : पुरानी रंजिश में भाजपा से जुड़े दो पक्षों में जमकर मारपीट, दोनों ओर से 7 नामजद पर मुकदमा दर्ज

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव नथपुरा में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। मामले में दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मीरगंज कोतवाली पुलिस ने दोनों ही पक्षों के कुल 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष भाजपा से जुड़े हुए हैं। एक पक्ष जिला पंचायत सदस्य से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि दूसरा पक्ष वर्तमान ग्राम प्रधान का है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

गांव नथपुरा निवासी राहुल पुत्र रामचंद्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह नगरिया सादात रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर स्थित एक होटल से समोसे लेने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे महावीर प्रसाद पुत्र रामस्वरूप, सोमपाल पुत्र रामस्वरूप और सचिन पुत्र महावीर प्रसाद ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि मौके पर भीड़ इकट्ठा होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से गांव नथपुरा निवासी सचिन पुत्र महावीर प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि वह अपने रिश्तेदारों को रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। इसी दौरान रेलवे स्टेशन अंडरपास के पास निरंजन, राहुल पुत्र रामचंद्र, विशाल पुत्र नामालूम और रवि पुत्र रामसिंह ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और लात-घूंसे व लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने विपक्षियों से जान का खतरा भी बताया है।

मामले में मीरगंज कोतवाली प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि गांव नथपुरा के दो पक्षों की ओर से प्राप्त तहरीरों के आधार पर दोनों पक्षों के कुल 7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.