जागरण टुडे, कासगंज।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान तथा जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह के निर्देशन में अंधविश्वासों के विरुद्ध जनजागरूकता को लेकर जिला विज्ञान क्लब द्वारा जनपद मुख्यालय स्थित श्री गणेश इंटर कॉलेज में विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिषद द्वारा निर्धारित विषय “अंधविश्वासों के विरुद्ध वैज्ञानिक सोच” पर आधारित इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 120 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान मॉडल, पोस्टर पेंटिंग एवं वैज्ञानिक व्याख्यान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक डॉ. जयंत कुमार गुप्ता ने प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित करते हुए बताया कि विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में श्री गणेश इंटर कॉलेज के छात्र रोहित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान श्री सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र विनायक को मिला, जबकि तृतीय स्थान सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल के संस्कार गुप्ता ने प्राप्त किया। मक्खन लाल इंटर कॉलेज के हार्दिक गुप्ता को चतुर्थ एवं आजाद गांधी इंटर कॉलेज के मोहम्मद फजल को पंचम स्थान प्राप्त हुआ।
पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में श्री गणेश इंटर कॉलेज के आर्यन गुप्ता प्रथम स्थान पर रहे। जेपी पब्लिक एकेडमी की दक्षता मौर्य ने द्वितीय, शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक पब्लिक स्कूल की प्रतीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की मोक्षिता को चतुर्थ एवं नमीषा को पंचम स्थान मिला।
वैज्ञानिक व्याख्यान प्रतियोगिता में शेरवानी इंटर कॉलेज न्योली के छात्र दिनेश ने प्रथम स्थान हासिल किया। सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल के विपिन द्वितीय, शिव प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला काशी के धर्मेंद्र तृतीय रहे। सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल की छात्राएं मानवी एवं लाभांशी वाष्र्णेय क्रमशः चतुर्थ एवं पंचम स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एमएलसी रजनीकांत महेश्वरी, विधायक सदर देवेंद्र सिंह राजपूत, विधायक अमापुर हरिओम वर्मा एवं जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल ने विजेता छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण पत्र दिए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एचपीएन दुबे ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका विज्ञान क्लब के सह-समन्वयक अभिषेक पांडे, प्रधानाचार्य सुधीर मिश्रा, वेद प्रकाश, कृष्ण पाल सिंह एवं राकेश कुमार सागर ने निभाई।