जागरण टुडे,कासगंज। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चल रहे ‘स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान’ के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिढ़पुरा पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार गौतम ने उपस्थित लोगों को कुष्ठ रोगियों से भेदभाव न करने की शपथ दिलाई तथा अपने नेतृत्व में जागरूकता रैली भी निकाली।
डॉ. प्रदीप गौतम ने आशा कार्यकर्ताओं को कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति में त्वचा पर सुन्नपन के साथ फीके रंग के धब्बे, त्वचा पर गांठें, भौंहों का झड़ना, हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, बस समय पर पहचान और उपचार आवश्यक है।
कार्यक्रम में चिकित्साधिकारी डॉ. विनायक यादव, डॉ. अजय राघव, डॉ. पुनीता चौहान, डॉ. गौरव, बीपीएम प्रेम कुमार, लिपिक प्रमोद चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।