अंकित पंडित, सोरो, कासगंज।
धार्मिक नगरी सोरों स्थित लहरा गंगा घाट पर इन दिनों गंगा नदी में पानी की भारी कमी देखने को मिल रही है, जिससे श्रद्धालु असमंजस की स्थिति में हैं। घाट पर पहुंचे श्रद्धालु गंगा में पूर्ण रूप से डुबकी नहीं लगा पा रहे हैं, जिससे उनमें खासा नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है। गंगा स्नान के लिए दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु मायूस होकर लौटने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि गंगा नदी में पानी का स्तर इतना कम हो गया है कि आस्था के अनुरूप स्नान करना संभव नहीं रह गया है। खासतौर पर महाशिवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्व के नजदीक आने के कारण लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते गंगा में पर्याप्त जल नहीं आया तो श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होंगी।
आरोप लगाया जा रहा है कि बदायूं जनपद के गंगा पार क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से बांध लगाकर गंगा के पानी को रोक दिया गया है। इसी कारण लहरा घाट तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या पहली बार नहीं हुई है, बल्कि पूर्व में भी इस तरह की स्थिति बन चुकी है, लेकिन प्रशासन द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया।
फोटो देवेश शाक्य
लहरा निवासी देवेश शाक्य का कहना है कि
पूर्णिमा के पावन अवसर पर भी श्रद्धालु गंगा में विधिवत स्नान नहीं कर सके, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति रोष और गहरा गया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
फोटो हुकुम सिंह
दुकानदार हुकुम सिंह का कहना है कि बदायूं और कासगंज दोनों जिलों के प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि अवैध रूप से बनाए गए बांध को शीघ्र खुलवाया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
फोटो नंद किशोर शर्मा
नंदकिशोर शर्मा का कहना है कि गंगा केवल नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, ऐसे में उसके प्रवाह को बाधित करना निंदनीय है। यदि समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाया तो आंदोलन जैसी स्थिति भी बन सकती है।
फोटो जगदीश चंद्र
जगदीश कश्यप ने बताया सोरों के लहरा गंगा घाट पर पानी की कमी से श्रद्धालु परेशान हैं। बदायूं में बांध लगाकर पानी रोके जाने का आरोप, महाशिवरात्रि से पहले प्रशासन से कार्रवाई की मांग। पिछली वर्ष भी गंगा पार के लोगों ने बांध लगाकर रोक दिया था।