सनातन धर्म की परंपरा के अनुसार माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र के प्रसिद्ध गोरालोकनाथ पुर एवं बाबा कैलाश गिरी मढ़ी रामगंगा घाट पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह से ही दूर-दराज गांवों व ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने पवित्र रामगंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रविवार भोर से ही गोरा लोकनाथपुर घाट के साथ-साथ गांव कपूरपुर के समीप कैलाश गिरि बाबा मढ़ी स्थित रामगंगा तट पर श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। चारों ओर “हर-हर गंगे” और जयकारों की गूंज से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गंगा स्नान कर भगवान से सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।
माघ मास में गंगा स्नान को सनातन परंपरा में विशेष महत्व दिया गया है। इसी आस्था के चलते श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान, दान-पुण्य एवं पूजन कर पुण्य फल प्राप्त किया। घाटों पर दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा घाटों पर पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे स्नान पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।