जागरण टुडे, अमापुर (कासगंज)।
थाना क्षेत्र अमापुर में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान रोहतास (35) पुत्र बुधपाल, निवासी ग्राम बद्दोपुर, थाना अमापुर, जनपद कासगंज के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे रोहतास सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव मोच्चे स्थित अपनी साली के घर से बाइक द्वारा अपने घर बद्दोपुर लौट रहे थे। जैसे ही वह अमापुर थाना क्षेत्र के गांव बेधड़क मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बुलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहतास बाइक सहित सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और घायल रोहतास को तत्काल जिला अस्पताल मामो ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं 12 वर्षीय बेटी शिल्पी, 8 वर्षीय बेटा शिवम, 6 वर्षीय बेटा नन्हे और वृद्ध मां धनवंती सदमे में हैं। परिजनों का कहना है कि रोहतास ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य थे और उनकी मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
हादसे के बाद बुलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस संबंध में अमापुर थाना प्रभारी दिनेश चंद्र ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। अज्ञात बुलेरो वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।