जागरण टुडे, सोरों (कासगंज)।
नगर पालिका सोरों में इस बार रत्नावली बारात घर के ठेके की नीलामी ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। सहावर एसडीएम एवं सोरों नगर पालिका की प्रभारी अधिशासी अधिकारी (ईओ) हर्षिता देवड़ा की सख्त निगरानी और पारदर्शी कार्यशैली का असर साफ नजर आया। पिछली बार मात्र 5 लाख 85 हजार रुपये में उठने वाला रत्नावली बारात घर का ठेका इस बार सीधे 23 लाख 85 हजार रुपये में नीलाम हुआ, जिससे नगर पालिका को भारी राजस्व लाभ हुआ है।
सूत्रों के अनुसार पूर्व में बारात घर के ठेके को लेकर लगातार सवाल उठते रहे थे। आरोप लगते रहे कि पूर्व चेयरमैन के कार्यकाल में नियमों को दरकिनार कर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाया जाता था, जिससे नगर पालिका को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता था। कम कीमत पर ठेका उठाकर निजी लाभ कमाया जाता रहा, लेकिन पालिका के खजाने को अपेक्षित आय नहीं मिल पाई।
इस बार स्थिति पूरी तरह बदली नजर आई। प्रभारी ईओ हर्षिता देवड़ा ने ठेका प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराया। नीलामी से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया, जिससे अधिक से अधिक लोग बोली प्रक्रिया में शामिल हो सकें। नतीजा यह रहा कि प्रतिस्पर्धा बढ़ी और ठेके की राशि चार गुना से अधिक पहुंच गई।
नगर पालिका को इस नीलामी से मिले अतिरिक्त राजस्व से विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पालिका क्षेत्र में सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में इस धनराशि का उपयोग किया जा सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इसी तरह ईमानदारी और पारदर्शिता से काम होता रहा तो नगर पालिका की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नगर में चर्चाओं का बाजार तेज है। लोग प्रभारी ईओ की कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं और इसे नगर पालिका के हित में उठाया गया एक बड़ा कदम बता रहे हैं। वहीं, यह नीलामी आने वाले समय में अन्य पालिका संपत्तियों के ठेकों के लिए भी एक उदाहरण बन सकती है।