Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ News नीलगाय से टकराई बाइक, 26 वर्षीय युवक की मौके पर मौत परिजनों में मचा कोहराम, पत्नी, मासूम बेटे और मां का रो-रोकर बुरा हाल

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 2, 2026

KASGANJ News नीलगाय से टकराई बाइक, 26 वर्षीय युवक की मौके पर मौत  परिजनों में मचा कोहराम, पत्नी, मासूम बेटे और मां का रो-रोकर बुरा हाल


जागरण टुडे,सहावर (कासगंज)।

थाना सहावर क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान राहुल (26) पुत्र रोशन लाल, निवासी ग्राम बा, थाना सहावर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राहुल एटा से किसी निजी कार्य से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहा था। सोमवार शाम करीब चार बजे जैसे ही वह अमापुर–सहावर मार्ग पर ग्राम बनूपुरा के पास पहुंचा, तभी अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। अंधेरा और अचानक सामने आए जानवर के कारण राहुल को संभलने का मौका नहीं मिला और बाइक नीलगाय से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के ताऊ रछपाल ने बताया कि हादसा बेहद अचानक हुआ, जिससे बचाव का कोई अवसर नहीं मिल सका।

राहुल की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अंजली, चार वर्षीय पुत्र वैदिक और मां नन्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि राहुल ही परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना सहावर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.