Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News : हँसी-आँसू और आशीर्वाद के बीच विदा हुए छात्र: दिव्य कृपाल इंटर कॉलेज में यादगार फेयरवेल समारोह

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 4, 2026

Bareilly News : हँसी-आँसू और आशीर्वाद के बीच विदा हुए छात्र: दिव्य कृपाल इंटर कॉलेज में यादगार फेयरवेल समारोह

ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)

दिव्य कृपाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मीरगंज बरेली में मंगलवार को इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भावुक और यादगार फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। यह अवसर केवल विदाई का नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य के स्नेह, स्मृतियों और उज्ज्वल भविष्य की कामनाओं का सजीव चित्र बन गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र का सम्मुख दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को भावनाओं से भर दिया। मंच पर सजे रंग-बिरंगे कार्यक्रमों और छात्रों की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विदाई के इस क्षण में छात्र-छात्राएं एक-दूसरे को गले लगाकर भावुक हो गए। कई छात्रों की आँखों से आँसू छलक पड़े। विद्यालय का प्रांगण कुछ पल के लिए गमगीन माहौल में डूब गया, जहाँ हँसी और आँसुओं का अनोखा संगम देखने को मिला।


विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र गंगवार ने इंटरमीडिएट के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए उपयोगी टिप्स दिए और छात्रों को ईमानदारी व संस्कारों के मार्ग पर चलने का आशीर्वाद दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के सफल संचालन में अंजलि गंगवार, राधिका, सानिया, नैना, मोहिनी, फरमान राजा, गरिमा, दीपक, नंदिनी और आरती सिंह सहित कई छात्र-छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा। वहीं काजल, आयत, तन्वी, सेजल, राधिका, संजना, सानिया, सलोनी आदि ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर समारोह को यादगार बना दिया।


इस अवसर पर मोहम्मद फरमान द्वारा विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षकों के प्रति छात्रों का सम्मान और स्नेह स्पष्ट झलकता नजर आया।

समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे के साथ बिताए पलों को याद करते हुए विदाई ली। यह फेयरवेल छात्रों के जीवन की उन यादों में शामिल हो गया, जिन्हें वे जीवनभर संजोकर रखेंगे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.