Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS 30 घंटे से वार्ड नंबर 13 में पानी की सप्लाई ठप, बूंद-बूंद को तरसे लोग

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 5, 2026

KASGANJ NEWS 30 घंटे से वार्ड नंबर 13 में पानी की सप्लाई ठप, बूंद-बूंद को तरसे लोग


जागरण टुडे,सोरो/कासगंज।

सोरों नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 में बीते करीब 30 घंटों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित होने से हाहाकार मचा हुआ है। पानी की सप्लाई बंद रहने के कारण वार्ड के सैकड़ों परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पीने, खाना बनाने, बच्चों की देखभाल और दैनिक स्वच्छता जैसे जरूरी कामों के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।


स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड में पानी की आपूर्ति एकमात्र ट्यूबवेल के माध्यम से की जाती है, जो तकनीकी खराबी के चलते बंद पड़ा हुआ है। ट्यूबवेल खराब होने की जानकारी मिलने के बाद भी अब तक न तो इसकी मरम्मत कराई जा सकी है और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इससे लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।


वार्डवासियों का कहना है कि पानी की समस्या नई नहीं है, लेकिन इस बार स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई है। कई परिवारों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है, जबकि कुछ लोगों को मजबूरी में पानी खरीदना पड़ रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।


परेशान नागरिकों ने वार्ड के सभासद विष्णु कांत तिवारी से संपर्क कर जल्द से जल्द पानी की सप्लाई बहाल कराने की मांग की है। सभासद ने लोगों को आश्वासन दिया है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और ट्यूबवेल की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।


वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वे नगर पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों की मांग है कि केवल अस्थायी मरम्मत ही नहीं, बल्कि स्थायी समाधान किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।


फिलहाल, वार्ड नंबर 13 के लोग प्रशासन से जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.