जागरण टुडे कासगंज।
ढोलना थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में ऑटो सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कस्बा बिलराम के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना ढोलना क्षेत्र के नगला खंगार गांव निवासी गोपाली (40) पुत्र जय सिंह बुधवार को अपनी ससुराल गांव सिरसवा से डलिया देकर लौट रहे थे। देर शाम वह एक ऑटो में सवार होकर ढोलना की ओर आ रहे थे। जैसे ही ऑटो कस्बा बिलराम के पास पहुंचा, तभी कासगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गोपाली ऑटो से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है तथा चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी गीता देवी (37) का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चे—प्राची (6) और भावना (4)—को छोड़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, गोपाली ढोलना में स्थित एक आरा मशीन पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार ऑटो चालक की तलाश जारी है तथा तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।