जागरण टुडे, कासगंज।
थाना अमापुर क्षेत्र अंतर्गत गांव लखीमपुर में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। मृतिका की पहचान हर्षिता (4) पुत्री मोरध्वज के रूप में हुई है, जो आंगनवाड़ी में पढ़ने जाती थी।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे हर्षिता गांव के पास सड़क किनारे खेल रही थी। उसी दौरान कासगंज की ओर से आ रहा एक मैजिक वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्षिता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल बच्ची को अमापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल कासगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम हर्षिता ने दम तोड़ दिया। जैसे ही बच्ची की मौत की खबर गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया।
मृतिका की मां विमलेश का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार अपनी बेटी को याद कर बेसुध हो जा रही हैं। घर में मौजूद बहनें प्रज्ञा (7 वर्ष), सुरभि सोम्या (5 वर्ष) और पार्वती (डेढ़ वर्ष) भी अपनी छोटी बहन को खोजते हुए बिलख रही हैं। मासूम की असमय मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए मैजिक वाहन और उसके चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।