वृंदावन स्थित रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल के सामने मानव सेवा संघ में यूजीसी के कथित विवादित प्रावधानों के खिलाफ देशभर में उभरते असंतोष के बीच सनातन संगठनों ने निर्णायक संघर्ष का ऐलान किया है। सवर्ण समाज समन्वय समिति (S4) के आह्वान पर 8 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान पर प्रस्तावित UGC रोलबैक महाआंदोलन के कार्ड का विधिवत विमोचन किया गया।
इस महाआंदोलन को शंकराचार्य परिषद के अध्यक्ष स्वामी आनंद स्वरूप,श्री रामराज्य मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर राजेंद्र नरुका और सनातन धर्म रक्षापीठ के पीठाधीश्वर एवं कथावाचक कौशल किशोर ठाकुर का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। शंकराचार्य परिषद अध्यक्ष स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि यूजीसी के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था पर वैचारिक और सांस्कृतिक आघात किया जा रहा है, जो किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यह केवल नियमों का प्रश्न नहीं, बल्कि सनातन चेतना, गुरु-शिष्य परंपरा और राष्ट्र की आत्मा से जुड़ा विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते इस काले कानून को वापस नहीं लिया तो संत समाज सड़क से संसद तक संघर्ष करेगा।
कुंवर राजेंद्र नरुका ने कहा कि युवाओं को भ्रमित कर शिक्षा को बाज़ार के हवाले करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। यूजीसी के नए प्रावधान सीधे-सीधे सनातन मूल्यों पर प्रहार हैं। उन्होंने दिल्ली चलो का आह्वान करते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि हर उस नागरिक का है जो राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा में विश्वास रखता है।
सनातन धर्म रक्षापीठ के पीठाधीश्वर कथावाचक कौशल किशोर ठाकुर ने कहा कि जब-जब सनातन पर संकट आया है, तब-तब जनआंदोलन ने इतिहास बदला है। आज फिर वही समय है। 8 मार्च को रामलीला मैदान से उठने वाली आवाज़ सत्ता के गलियारों तक गूंजेगी।
श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के संस्थापक श्याम शर्मा एवं महामंत्री अर्जुन पंडित ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि सनातन, संस्कृति और शिक्षा व्यवस्था की रक्षा का व्यापक संघर्ष है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि केंद्र सरकार ने यूजीसी के इस कानून को समय रहते वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा।
दिल्ली कूच को लेकर देशभर में तैयारी तेज हो गई है। बड़ी संख्या में संत, शिक्षाविद् और सामाजिक संगठन इस महाआंदोलन में सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर कुलदीप शर्मा, आशीष शर्मा, अभिषेक शर्मा, महावीर ठाकुर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।