Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News : मीरगंज में युवती के कथित अपहरण का मामला, तीन नामजद पर मुकदमा दर्ज

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 6, 2026

Bareilly News : मीरगंज में युवती के कथित अपहरण का मामला, तीन नामजद पर मुकदमा दर्ज

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

जनपद बरेली के मीरगंज कस्बे से एक युवती के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर मीरगंज कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मीरगंज कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री की पढ़ाई के दौरान कस्बे के ही रहने वाले शिवम उर्फ आयुष सक्सेना से जान-पहचान हो गई थी। पीड़ित के अनुसार करीब ढाई वर्ष पूर्व भी आरोपी उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके संबंध में उस समय मुकदमा दर्ज हुआ था और युवती को बरामद कर लिया गया था। बाद में युवती द्वारा कोर्ट में दिए गए बयानों और सामाजिक दबाव के चलते आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़ित का आरोप है कि 4 फरवरी 2026 को वह एक शादी समारोह में शामिल होने रिश्तेदारी गया हुआ था। इसी दौरान देर रात शिवम उर्फ आयुष सक्सेना अपने दो साथियों शिवम चौधरी और करण के साथ कार से उसके घर पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने किसी तरह घर में प्रवेश कर उसकी पत्नी को जबरन बाथरूम में बंद कर दिया और उसकी पुत्री को अपने साथ ले गए।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी युवती के साथ 27 हजार रुपये नकद और लगभग तीन तोला सोने के जेवरात भी ले गए। परिजनों द्वारा रिश्तेदारियों और आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं लग सका।

इस संबंध में मीरगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.