Thursday, April 2, 2026

KASGANJ NEWS आवारा सांड से टकराई बाइक, मजदूर युवक की मौत, दो दोस्त घायल

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 7, 2026

KASGANJ NEWS आवारा सांड से टकराई बाइक, मजदूर युवक की मौत, दो दोस्त घायल


जागरण टुडे,कासगंज

कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार–शनिवार की मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों दोस्त बाइक से एटा से एक शादी समारोह में शामिल होकर कासगंज लौट रहे थे।

मृतक की पहचान शिवा पुत्र स्वर्गीय जगदीश प्रसाद (उम्र 28 वर्ष) निवासी मोहल्ला खेड़िया, थाना कासगंज के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए युवकों में सोनू पुत्र मुन्ना लाल (उम्र 26 वर्ष) निवासी अशोक नगर तथा सत्यम शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक शुक्रवार की रात करीब एक बजे बाइक से कासगंज की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे गांव नदरई स्थित सेमफोर्ड स्कूल के सामने पहुंचे, अचानक सड़क पर आए एक आवारा सांड से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शिवा ने दम तोड़ दिया, जबकि सोनू और सत्यम का इलाज अभी जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मृतक शिवा मजदूरी का कार्य करता था और अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां कृष्णा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों में बड़ा भाई मनमोहन (35 वर्ष), पप्पू (33 वर्ष) और योगेश (25 वर्ष) हैं, जो गहरे सदमे में हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवारा पशुओं की समस्या को लेकर नाराज़गी जताई और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.