Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, बहन की शादी की खुशियां मातम में बदली

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 7, 2026

KASGANJ NEWS अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, बहन की शादी की खुशियां मातम में बदली



  जागरण  टुडे कासगंज

सिढपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक अपनी बहन की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने जा रहा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

मृतक की पहचान अशोक पुत्र अमर सिंह (उम्र 22 वर्ष) निवासी गांव बुद्दाई, थाना मूसाझाग, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अशोक शुक्रवार रात करीब 10 बजे बाइक से कासगंज के सिद्धपुरा थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर अपनी रिश्तेदारी में शादी का कार्ड देने जा रहा था।

जब वह गांव सुल्तानपुर के समीप पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वह किसी तरह नजदीकी रिश्तेदारी में पहुंचा, जहां उसकी हालत बिगड़ती चली गई। उपचार के अभाव में शुक्रवार–शनिवार की मध्य रात्रि करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिढपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक के भाई मोरपाल ने बताया कि अशोक अपने परिवार का सहारा था और मेहनत-मजदूरी कर घर चलाता था। उसने बताया कि अशोक की बहन अंजली की शादी आगामी 14 फरवरी को जनपद एटा के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव टीकटपुर निवासी संतोष के पुत्र गोपाल के साथ तय थी। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और अशोक खुद कार्ड बांटने निकला था।

अशोक की मौत की खबर मिलते ही भाई मोरपाल, बहन श्वेता, मां-बाप सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अशोक के बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। लगातार दूसरी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में शादी की तैयारियां थम गई हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.