जागरण टुडे, सोरों (कासगंज)।
श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पालिका परिषद सोरों द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका की ओर से सोरों से लहरा जाने वाले प्रमुख मार्ग पर सफाई कर्मियों एवं जेसीबी मशीन की मदद से सड़क की विशेष साफ-सफाई कराई जा रही है, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बताया जा रहा है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में शिव भक्त कांवड़ लेकर नंगे पांव यात्रा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका प्रशासन द्वारा सड़क पर पड़े ईंट, पत्थर, कंकड़, मिट्टी और अन्य नुकीले टुकड़ों को हटाया जा रहा है, जिससे कांवड़ यात्रियों के पैरों में चुभन या ठोकर लगने की कोई संभावना न रहे। जेसीबी मशीन से सड़क किनारे जमा गंदगी को हटाया जा रहा है, वहीं सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाकर मार्ग को पूरी तरह साफ कर रहे हैं।
इस पूरे सफाई अभियान की निगरानी नगर पालिका के आरआई शैलेंद्र प्रताप एवं प्रधान लिपिक द्वारा स्वयं मौके पर मौजूद रहकर की जा रही है। अधिकारियों द्वारा सफाई कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कांवड़ यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि रखी जाए।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही मार्ग पर नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि यात्रा के दौरान दोबारा गंदगी न फैल सके।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की व्यवस्थाएं होने से न केवल कांवड़ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी। नगर पालिका का यह कदम निश्चित रूप से शिव भक्तों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाता है।