Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS पटियाली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, 24 शिकायतें प्राप्त, एक का मौके पर निस्तारण

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 7, 2026

KASGANJ NEWS पटियाली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, 24 शिकायतें प्राप्त, एक का मौके पर निस्तारण


जागरण टुडे, पटियाली (कासगंज)।

पटियाली तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कासगंज द्वारा की गई। समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी पटियाली प्रदीप कुमार विमल, न्यायिक उपजिलाधिकारी आतीश कुमार तथा तहसीलदार रामनयन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले राजस्व विभाग से जुड़े पाए गए। इनमें भूमि विवाद, पैमाइश, कब्जा, दाखिल-खारिज एवं अन्य राजस्व संबंधी समस्याएं शामिल रहीं। अधिकारियों ने संबंधित लेखपालों और राजस्व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करें और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

दोपहर 2:00 बजे तक फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रस्तुत करें, जिससे उनका समाधान पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से किया जा सके। संपूर्ण समाधान दिवस शासन की जनकल्याणकारी मंशा को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी मंच सिद्ध हो रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.