जागरण टुडे,कासगंज(पटियाली)।जनपद कासगंज के पटियाली कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय आशीष पुत्र महेंद्र, निवासी ग्राम कुमरपुर बनवारी, थाना छिबरामऊ, जनपद कन्नौज, बीते दिवस कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र में अपनी बहन के यहां गमी में शामिल होने आया था। देर शाम वह बाइक से अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान पटियाली-अलीगंज मार्ग स्थित थाना गांव के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पटियाली में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच की जा रही है।