जागरण टुडे,कासगंज। कस्बा सिढ़पुरा के नेहरू नगर मोहल्ला में बंदरों के आतंक ने एक महिला की जान ले ली। नेहरू नगर निवासी संगीता (50) पत्नी स्वर्गीय पप्पन बीती दोपहर करीब दो बजे अपने घर की छत पर बैठकर मोबाइल देख रही थीं। बताया जा रहा है कि मोबाइल की लीड उनके कानों में लगी हुई थी, तभी अचानक एक बंदर ने उन पर झपट्टा मार दिया।
फाइल फोटो
अचानक हुए हमले से घबराकर संतुलन बिगड़ने पर संगीता छत से नीचे गिर पड़ीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए आगरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे दो बेटों को छोड़ गई हैं, जिनमें बड़ा बेटा बादल और छोटा बेटा रजत है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पड़ोसी कुलदीप ने बताया कि कस्बे में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है और कई बार लोग हमलों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन इस ओर ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।