जनपद बरेली की मीरगंज तहसील अंतर्गत ग्राम बहरोली निवासी होनहार युवक अमन कुमार ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के बल पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अमन का चयन भारत सरकार के गृह मंत्रालय में कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी (JTO) के पद पर हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
अमन कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्वामी दयानन्द सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, परौरा मीरगंज बरेली से प्राप्त की। उन्होंने कक्षा 10 एवं 12 की पढ़ाई यहीं से की, वहीं कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में जनपद बरेली के टॉपर भी रहे।
अमन एक प्रतिभाशाली शोधार्थी और साहित्यकार भी हैं। उनके दो ग़ज़ल संग्रह — “हवा में आग” और “लम्हों की तपिश” प्रकाशित हो चुके हैं, जिनसे उन्हें साहित्य जगत में विशेष पहचान मिली है। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं। उनकी रचनाएं एवं शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
अमन की इस उपलब्धि पर स्वामी दयानन्द सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिवार में खुशी की लहर है।
कॉलेज के प्रबंधक डॉ. सत्यवीर गंगवार ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों से भी जोड़ना है। अमन की सफलता हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
कॉलेज के निदेशक श्री पंकज गंगवार ने अमन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमन शुरू से ही परिश्रमी और लगनशील छात्र रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
कॉलेज के संरक्षक डॉ. वीरेन्द्र प्रताप गंगवार, प्रधानाचार्य श्री आदेश पाल गंगवार सहित शिक्षकगण — राजेश गंगवार, संजीव कुमार, लाल बहादुर, रेवती नंदन, राकेश पाठक, लक्ष्मण स्वरूप, ओमाशंकर, योगेंद्र कुमार, सुरेंद्र, सुनीता आदि ने अमन कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।