जागरण टुडे, कासगंज।
शहर के मोहन मोहल्ला स्थित वाल्मीकि बस्ती में रविवार रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब वरमाला की रस्म से ठीक पहले दूल्हे पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने और नशे की हालत में अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा। घटना से आहत दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कीर्ति कुमारी उर्फ सृष्टि (20) पुत्री स्वर्गीय श्याम सिंह, निवासी मोहन मोहल्ला, वाल्मीकि बस्ती, रेलवे डंडा, कासगंज की शादी सक्षम (30) पुत्र सत्य प्रकाश, निवासी काशीराम कॉलोनी, जनपद हाथरस के साथ तय थी। रविवार, 8 फरवरी 2026 को विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। रात करीब साढ़े नौ बजे दूल्हा बाजा-बारात के साथ दुल्हन के घर पहुंचा। शुरुआती रस्में सामान्य रूप से संपन्न हुईं और दोनों पक्षों में उत्साह का माहौल रहा।
परिजनों का आरोप है कि दरवाजे की रस्म के बाद, वरमाला के समय दूल्हा सक्षम शराब के नशे में था। इसी दौरान उसने दुल्हन से गाली-गलौज शुरू कर दी और दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगा। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इस व्यवहार से आहत होकर दुल्हन कीर्ति उर्फ सृष्टि ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद दुल्हन पक्ष में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और सार्वजनिक रूप से अपमान का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।