श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आस-पास श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को ध्यान में रखते हुए जनसुविधाओं के विकास की दिशा में प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। सोमवार, 9 फरवरी 2026 को मंदिर क्षेत्र में भूमि क्रय की सातवीं रजिस्ट्री सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसके साथ ही अब तक कुल लगभग 900 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।
यह रजिस्ट्री मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप जी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर विक्रेता राधे कृष्ण पाठकद्वारा अपनी लगभग 70 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री तहसीलदार सदर के माध्यम से ठाकुर श्री बांके बिहारी जी (देवता) के नाम निष्पादित की गई।
उल्लेखनीय है कि यह समस्त कार्यवाही माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के क्रम में गठित ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देशन में की जा रही है। समिति के मार्गदर्शन में मंदिर क्षेत्र में जनसुविधाओं के विकास हेतु भूमि क्रय की प्रक्रिया पारदर्शी एवं विधिक ढंग से लगातार आगे बढ़ रही है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनसुविधा विकास क्षेत्र में आने वाले निवासियों और दुकानदारों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा, दुकान के बदले दुकान, तथा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुकमणि विहार में फ्लैट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन्हीं भरोसेमंद व्यवस्थाओं के चलते भूमि स्वामी स्वेच्छा से रजिस्ट्री कराने के लिए आगे आ रहे हैं।
मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप जी ने क्रय समिति के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि क्रय की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य आगामी दो माह के भीतर शेष सभी आवश्यक रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का है।
जनसुविधाओं का यह विकास कार्य ब्रज क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत मंदिर के आसपास सुरक्षित वातावरण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा, तथा सुगम प्रवेश-निकासी द्वार विकसित किए जाएंगे। इससे संकरी गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारू बनेगी।
हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी एवं जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर और सुदृढ़ व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। यह परियोजना न केवल दर्शन को सरल बनाएगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसरों का सृजन भी करेगी।
प्रशासन का कहना है कि जनसुविधाओं के निर्माण में वृंदावन की प्राचीन दिव्यता और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखते हुए आधुनिक आवश्यकताओं का संतुलन रखा जाएगा। इससे ब्रज क्षेत्र को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान मिलेगी और ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के भक्तों के लिए दर्शन की राह और भी सहज हो सकेगी।