जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के सदर विकास खंड में महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को मातृत्व के प्रति जागरूक करना तथा शिशुओं के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश देना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती माताओं की विधिवत गोद भराई की गई। इस दौरान उन्हें पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं सुरक्षित प्रसव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार एवं समय-समय पर जांच न केवल मां बल्कि शिशु के स्वस्थ विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
इसके साथ ही छह माह पूर्ण कर चुके शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया गया। अन्नप्राशन के माध्यम से माताओं को यह संदेश दिया गया कि छह माह के बाद शिशु को उचित पूरक आहार देना उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए जरूरी है। कार्यक्रम में बच्चों के बेहतर भविष्य की कामना करते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संस्कार संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी पल्लवी सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि माताओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और कुपोषण जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका की भी सराहना की, जो जमीनी स्तर पर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम में प्रोबेशन कार्यालय से ललतेश, महिला थाना प्रभारी शांति देवी, वन स्टॉप सेंटर से मनीषा पाठक सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा विभागीय अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर लाभार्थी महिलाओं ने विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें न केवल जानकारी मिलती है, बल्कि सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास भी बढ़ता है।