जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के सोरों थाना क्षेत्र के गांव कंडेलगंज में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब 16 वर्षीय किशोर का शव घर के पास गली में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान श्याम सुंदर (16 वर्ष) पुत्र किशनलाल के रूप में हुई है, जो कक्षा 9 का छात्र था। परिजनों के अनुसार गांव में ही एक परिचित के यहां शादी समारोह आयोजित था, जिसमें परिवार के सभी सदस्य शामिल होने गए थे। श्याम सुंदर भी समारोह में गया हुआ था। देर रात करीब 9 बजे उसकी मां शीला देवी घर लौटीं तो उन्होंने अपने बेटे को घर के पास गली में अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखा तो वह मृत था। यह दृश्य देखकर मां के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचा दिया।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
बताया गया है कि श्याम सुंदर तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई देवेंद्र (21 वर्ष) और छोटा भाई गौतम (13 वर्ष) है, जबकि दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। बेटे की अचानक मौत से मां शीला और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।