जागरण टुडे, कासगंज। पटियाली नगर के अलीगंज रोड स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र पर बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव एवं वित्तीय जागरूकता को लेकर एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक अवनीश दीक्षित के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
शिविर में मुख्य रूप से उपस्थित शाखा प्रबंधक दिनेश सिंह चौहान ने ग्राहकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, केवाईसी (KYC) अपडेट प्रक्रिया तथा फ्रॉड कॉलिंग से बचने के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का लाभ सुरक्षित तरीके से लेने के लिए ग्राहकों का जागरूक होना बेहद जरूरी है।
इस दौरान अवनीश दीक्षित ने ग्राहकों को सचेत करते हुए कहा कि ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) किसी भी व्यक्ति से साझा न करें। उन्होंने बताया कि ओटीपी वित्तीय सुरक्षा की अंतिम कड़ी होता है। इसे साझा करने पर साइबर ठग बैंक खाते से धनराशि निकाल सकते हैं, अनधिकृत ट्रांजैक्शन कर सकते हैं तथा पहचान चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बैंक या अधिकृत संस्था फोन पर ओटीपी नहीं मांगती।
शाखा प्रबंधक ने प्रधानमंत्री सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ, समय-समय पर केवाईसी अपडेट कराने की अनिवार्यता तथा संदिग्ध कॉल आने पर सतर्क रहने के उपायों पर विशेष जोर दिया। शिविर का उद्देश्य ग्राहकों को बैंकिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर उन्हें वित्तीय धोखाधड़ी से सुरक्षित रखना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्राहकों ने भाग लिया और कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर ब्रांच मैनेजर दिनेश सिंह चौहान, सीएसपी संचालक अवनीश दीक्षित, अतुल दीक्षित, विकास, अम्बुज द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।