Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज पुलिस कप्तान अंकिता शर्मा ने लहरा गंगा घाट का किया निरीक्षण, कांवड़ यात्रियों से संवाद कर दिए आवश्यक निर्देश

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 13, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज पुलिस कप्तान अंकिता शर्मा ने लहरा गंगा घाट का किया निरीक्षण, कांवड़ यात्रियों से संवाद कर दिए आवश्यक निर्देश


जागरण टुडे, सोरों, कासगंज

 महाशिवरात्रि पर्व और कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र जनपद की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस बल के साथ लहरा गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने घाट परिसर, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अंकिता शर्मा ने स्वयं कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और यात्रा के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी ली। कई यात्रियों ने मार्ग की स्थिति को लेकर असुविधा बताई, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल मार्ग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और आवश्यकतानुसार समन्वय स्थापित कर जल्द सुधार कार्य कराया जाए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने घाट पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली। पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है और प्रशासन का दायित्व है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहें और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं से कांवड़ यात्रियों ने संतोष व्यक्त किया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.