मथुरा के पंचजन्य प्रेक्षागृह, डैम्पीयर नगर में रविवार 22 फरवरी को सुबह 10 बजे से विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर आमजन को सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता से सीधे जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा की सचिव एवं सिविल जज (सी.डि.) अनीता सिंह ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य है कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र नागरिकों तक पहुंचे और जरूरतमंदों को मौके पर ही निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस मेगा शिविर में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, पुलिस विभाग, बैंकिंग संस्थान और नगर निगम सहित कई शासकीय इकाइयां एक ही मंच पर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी। नागरिकों को पेंशन योजनाएं, स्वास्थ्य सुविधाएं, श्रम एवं रोजगार योजनाएं, शिक्षा सहायता, बैंकिंग सेवाएं और अन्य सरकारी लाभों से जुड़ी जानकारी एवं समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधिक विशेषज्ञ आम लोगों को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे। पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें न्याय पाने में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा न आए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। यह शिविर न केवल जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा, बल्कि आमजन को न्याय और सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।