कासगंज। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद कासगंज की पुलिस लाइन परिसर में शिव परिवार की भव्य मूर्ति की विधि-विधान से स्थापना की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद सुसज्जित रथ पर विराजमान शिव परिवार की प्रतिमा को पुलिस लाइन परिसर में शोभायात्रा के रूप में भ्रमण कराया गया। पूरे परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। पुलिस कर्मियों के साथ उनके परिजन भी इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।
शोभायात्रा के दौरान एएसपी सुशील कुमार गंगा प्रसाद सदर क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान, पटियाली सीओ संदीप वर्मा, एसपी वाचक चंद्रेश गौतम, एइंस्पेक्टर प्रवेश राणा, सोरों कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र, गंजडुंडवारा इंस्पेक्टर राधेश्याम, सहावर क्राइम इंस्पेक्टर बृजकिशोर, पटियाली इंस्पेक्टर लोकेश भाटी तथा सिकंदरपुर वैश्य थाना प्रभारी चंचल सिरोही ने रथ को खींचकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने सामूहिक रूप से भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश और कार्तिकेय की प्रतिमा की स्थापना में सहभागिता निभाई।
एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि महाशिवरात्रि आस्था, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है। इस प्रकार के आयोजन से पुलिस परिवार में आध्यात्मिक वातावरण सुदृढ़ होता है तथा आपसी सौहार्द और एकजुटता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सभी को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। स्थापना के पश्चात आरती और प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। पुलिस लाइन में आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बन गया।