जागरण टुडे, कासगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नगर इकाई पटियाली द्वारा नगर खेल कुम्भ के अंतर्गत तहसील स्तरीय भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा आपसी समन्वय को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की चार प्रमुख टीमों — पंडित दीनदयाल टेक्निकल इंस्टीट्यूट (आईटीआई) पटियाली, एसबीआर इंटर कॉलेज पटियाली, ग्राम रुस्तमपुर तथा प्रज्ञानम् इंटर कॉलेज पटियाली — ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जोश, ऊर्जा और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया, वहीं दर्शकों की भारी उपस्थिति ने मैचों का रोमांच और बढ़ा दिया।
यह आयोजन तहसील संयोजक अंबुज द्विवेदी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शिव प्रताप सिंह (समाजसेवी) एवं विशिष्ट अतिथि योगेंद्र शर्मा (प्रबंधक, आईटीआई पटियाली) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है, जिससे आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष क्षमता का विकास होता है।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आईटीआई पटियाली एवं ग्राम रुस्तमपुर के मध्य खेला गया, जो अत्यंत रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, किन्तु अंततः आईटीआई पटियाली ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए सुमित मिश्रा (आईटीआई पटियाली) को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
तहसील संयोजक अंबुज द्विवेदी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में एकता, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं तथा उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर विभाग प्रमुख सौरभ दीक्षित, प्रबल तिवारी, शुभम दीक्षित, भास्कर मिश्रा, सचिन, पवन मिश्रा, दुर्वेश यादव, अभिषेक द्विवेदी, विमलेश सिंह चौहान तथा अंशुल यादव (अंपायर) सहित अनेक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।