Thursday, April 2, 2026

Mathura News: 71 हज यात्रियों का हेल्थ चेकअप, जरूरी टीके लगे

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 16, 2026

Mathura News:  71 हज यात्रियों का हेल्थ चेकअप, जरूरी टीके लगे

जागरण टुडे, मथुरा

जनपद में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हज यात्रा पर जाने वाले 71 यात्रियों का व्यापक हेल्थ चेकअप और टीकाकरण किया गया। यह विशेष स्वास्थ्य शिविर इस्लामिया इंटर कॉलेज मथुरा परिसर में आयोजित हुआ, जहां सभी हज यात्रियों की चिकित्सकीय जांच कर उन्हें आवश्यक टीके लगाए गए।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राधा वल्लभ ने बताया कि हज यात्रा के लिए चयनित सभी 71 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से किया गया। इस दौरान यात्रियों के सामान्य स्वास्थ्य, रक्तचाप, शुगर स्तर तथा अन्य आवश्यक जांचें की गईं ताकि वे पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में यात्रा कर सकें।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रोहितास सिंह ने जानकारी दी कि हज यात्रियों को मेंनिंगोकोक्कल, सीजनल इन्फ्लुएंजा और पोलियो के टीके लगाए गए। हज यात्रा के दौरान संक्रामक रोगों के खतरे को देखते हुए यह टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा हाजियों को यात्रा के नियमों, स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले कदमों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। अल्पसंख्यक विभाग की ओर से भी यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और सहयोग प्रदान किया गया, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।

इस स्वास्थ्य शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ सचिन शर्मा, एडीईओ एमपी सिंह, जेएसआई से सीएसओ संजय यादव, यूएनडीपी से भुवनेश्वर शर्मा, यूनिसेफ से पूनम यादव, स्वास्थ्य विभाग के त्रिभुवन शर्मा, एएनएम आदर्श कुमारी, सुमन, सोनम और सीसीएच हरी सिंह सहित कई स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.