Thursday, April 2, 2026

KASGANJ NEWS 18 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं, कासगंज में 64 केंद्रों पर 40,362 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, सीसीटीवी कैमरों की रहेंगी नजर

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 17, 2026

KASGANJ NEWS 18 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं, कासगंज में 64 केंद्रों पर 40,362 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, सीसीटीवी कैमरों की रहेंगी नजर


जागरण टुडे, कासगंज।

जनपद में 18 फरवरी से प्रारंभ हो रही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाएं निष्पक्ष, नकलविहीन और शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

डीएम  प्रणय सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 3 अतिसंवेदनशील और 14 संवेदनशील केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर कुल 40,362 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 21,717 तथा इंटरमीडिएट के 18,645 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।


परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली प्रातः 08:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:00 बजे से 05:15 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी कक्षाओं को सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर से सुसज्जित किया गया है। परीक्षा की मॉनिटरिंग जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम के साथ-साथ मंडलीय, क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ और प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम लखनऊ से 24×7 ऑनलाइन की जाएगी।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल या अनियमितता पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नकल की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

परीक्षा व्यवस्था की निगरानी हेतु 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रत्येक केंद्र पर 1 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 1 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 7 सचल दल गठित किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। रात्रिकालीन पर्यवेक्षण की भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए बीएवी इंटर कॉलेज, कासगंज को मुख्य संकलन केंद्र तथा एसबीआर इंटर कॉलेज, पटियाली को उप-संकलन केंद्र बनाया गया है। प्रश्नपत्रों को पुलिस बल की अभिरक्षा में सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा चुका है।

इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल भी मौजूद रहे। प्रशासन ने दावा किया है कि परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.