पटियाली विधानसभा क्षेत्र से सपा की विधायक नादिरा सुल्तान ने सनौड़ी सिंहमनपुर पुख्ता स्थित राजपुर कुर्रा मार्ग पर नगला जयकिशन की ध्वस्त पुलिया के पुनर्निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है।
उन्होंने पत्र मे बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व गंगा नदी की बाढ़ में बनी पुलिया पूरी तरह बह गई थी, जिसके बाद से करीब 20 गांवों का आवागमन बाधित है। ग्रामीणों, स्कूली बच्चों व मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में भी शासन को अवगत कराया जा चुका है तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर प्रमुख अभियंता कार्यालय लखनऊ भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिल सकी।
उन्होंने जनहित में पुलिया निर्माण कार्य को शीघ्र प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति दिलाए जाने की मांग मुख्यमंत्री से की है, ताकि क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सके।