Tuesday, March 31, 2026

Mathura News: संगठन से राष्ट्र निर्माण तक: भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान शुरू

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 18, 2026

Mathura News: संगठन से राष्ट्र निर्माण तक: भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान शुरू

जागरण टुडे, मथुरा

भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026’ के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्य योजना बैठक का आयोजन पुष्पांजलि स्थित जिला कार्यालय पर किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद गुप्ता एवं क्षेत्रीय मंत्री रजनीश त्यागी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रमोद गुप्ता ने प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत पार्टी की विचारधारा का मूल आधार हैं। यह अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक सशक्तिकरण का व्यापक प्रयास है। इसके माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से ओत-प्रोत किया जाएगा।

क्षेत्रीय मंत्री रजनीश त्यागी ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता ही शक्ति का केंद्र है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रशिक्षण के जरिए कार्यकर्ताओं को नीति, सिद्धांत, संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के संस्कारों से समृद्ध किया जाए, ताकि वे सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें। उन्होंने सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता, स्वदेशी चिंतन, अनुशासन और राष्ट्रभावना जैसे मूल्यों को अपनाने पर बल दिया।

जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि यह प्रशिक्षण महाअभियान मंडल स्तर तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य वैचारिक रूप से मजबूत, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाजसेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है।

जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जाए। बैठक में जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी, अनिल चौधरी, आकाश चौधरी, अमन ठाकुर, उपाध्यक्ष मनीष पाराशर, सुरेश सरकार, दीपांशु गुप्ता, ज्ञानेंद्र सिंह, देवेंद्र शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.