Thursday, April 2, 2026

Bareilly News : मीरगंज में दिनदहाड़े मोबाइल छिनैती, लोगों की सतर्कता से आरोपी दबोचा

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 18, 2026

Bareilly News : मीरगंज में दिनदहाड़े मोबाइल छिनैती, लोगों की सतर्कता से आरोपी दबोचा

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज कस्बे के बिजली घर के पास बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक महिला से मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन लोगों की सतर्कता से आरोपी फरार नहीं हो सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला साप्ताहिक बाजार में गेहूं बेचने आई थी। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उसके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और तेजी से भागने लगा। अचानक हुई घटना से महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीरों और दुकानदारों ने तत्परता दिखाई और आरोपी का पीछा किया।

लोगों ने कुछ ही दूरी पर युवक को पकड़ लिया और मौके पर ही उसे रोके रखा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। तलाशी के दौरान महिला का मोबाइल फोन बरामद कर उसे सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही छिनैती और चोरी की वारदातों पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इलाके में नियमित पेट्रोलिंग कराई जाएगी और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाएगी, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.