जागरण टुडे, रामगोपाल पाठक,अमांपुर (कासगंज)।
थाना अमांपुर क्षेत्र के गांव नगला खारी निवासी 26 वर्षीय युवक कालू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह जैसे ही उसका शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान पाए जाने से मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। सूचना मिलते ही थाना अमांपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, कालू पुत्र आराम सिंह 14 फरवरी 2026 को अपनी बहन गुड्डू के घर ग्राम हरवंशपुर, थाना अतरौली, जनपद अलीगढ़ गया था। बताया जा रहा है कि 19 फरवरी की शाम करीब सात बजे परिजन उसे मृत अवस्था में गांव लेकर पहुंचे। शव पर चोट के निशान देखकर परिजनों और ग्रामीणों ने आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के बड़े भाई पप्पू ने बताया कि कालू पूरी तरह स्वस्थ था और अचानक उसकी मौत की खबर से परिवार स्तब्ध है। कालू की शादी करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी राखी, दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गया है। परिवार के सामने अब भरण-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने संबंधित थाने से भी संपर्क साधकर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन की जा रही है।