सिविल लाइन स्थित पशु प्रजनन नियंत्रण केंद्र एवं श्वान ग्रह (एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर) का निरीक्षण शुक्रवार को सांसद श्रीमती हेमा मालिनी ने किया। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त जग प्रवेश भी मौजूद रहे। सांसद ने केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और पशु कल्याण से जुड़ी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने श्वानों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, नसबंदी (एबीसी) के बाद उन्हें कितने समय तक केंद्र में रखा जाता है तथा स्वस्थ होने के पश्चात किस प्रक्रिया के तहत छोड़ा जाता है, इसकी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने श्वानों को पकड़ने की विधि, दवाइयों के उपयोग, टीकाकरण प्रक्रिया और मेडिकल रिकॉर्ड की भी समीक्षा की।
केंद्र परिसर की साफ-सफाई और रख-रखाव व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संतोष व्यक्त किया। सांसद ने वेटरनरी स्टाफ से संवाद कर नसबंदी, उपचार और वैक्सीनेशन से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से इस प्रकार के केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, वेटरनरी कॉलेज के डीन डॉ. विकास पाठक, प्रोफेसर डॉ. संजय पुरोहित, वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. आर.सी. पांडे, एबीसी सेंटर के लिपिक भगवान सिंह और वैक्सीनेशन टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
निरीक्षण के उपरांत सांसद ने नगर निगम द्वारा अपनाई जा रही मानवीय और वैज्ञानिक पद्धतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पशु कल्याण और जनस्वास्थ्य को संतुलित रखते हुए कार्य करना समय की आवश्यकता है और मथुरा नगर निगम इस दिशा में सराहनीय प्रयास कर रहा है।