Tuesday, March 31, 2026

Mathura News- विकास कार्यों में लापरवाही न करें अधिकारी, पकड़े जाने पर होगी सख्त कार्रवाई

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 21, 2026

Mathura News- विकास कार्यों में लापरवाही न करें अधिकारी, पकड़े जाने पर होगी सख्त कार्रवाई

जागरण टुडे, मथुरा

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सांसद हेमा मालिनी और परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने मथुरा-वृंदावन के विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में यातायात व्यवस्था, यमुना घाट निर्माण, जल जीवन मिशन, अतिक्रमण और रिवर फ्रंट डेवलपमेंट जैसे मुद्दों पर सांसद का सख्त रुख देखने को मिला।

सांसद ने शहर के प्रमुख चौराहे नरहौली, गोवर्धन, छटीकरा, भूतेश्वर, डीग गेट और सौ सैया अस्पताल क्षेत्र में लगने वाले जाम पर चिंता जताई और स्थायी समाधान की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कुछ स्थानों पर किए गए सुधारों की जानकारी दी, जबकि हाईवे प्राधिकरण ने पुलों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार होने की बात कही। सांसद ने मंत्रालय स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण को अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विद्युत निगम द्वारा प्रस्तावित नए उपकेंद्रों के लिए भूमि उपलब्धता की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दो उपकेंद्रों के लिए भूमि मिल चुकी है और पांच के प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजे जा रहे हैं।

यमुना तट पर चल रहे रिवर फ्रंट डेवलपमेंट कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। स्थानीय लोगों ने पुराने मजबूत पत्थरों को हटाए जाने की शिकायत की, जिस पर सांसद ने जवाब तलब किया। सिंचाई विभाग ने योजना का ब्यौरा प्रस्तुत किया। परिषद उपाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि केवल क्षतिग्रस्त पत्थरों को बदला जाए और निर्माण में गुणवत्ता व एकरूपता बनी रहे।

अंतरराज्यीय रोडवेज बस स्टैंड के संचालन में आ रही तकनीकी अड़चनों पर भी चर्चा की गई। एआरएम रोडवेज ने सर्विस लेन की समस्या पेश की, जिसके समाधान के लिए अतिरिक्त भूमि क्रय की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर जिलाधिकारी के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों को लेकर मिल रही शिकायतों पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने पेयजल टंकियों के निर्माण में तेजी और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि शिकायतें सीधे उनके कार्यालय में भी दर्ज कराई जा सकती हैं।

नमामि गंगे योजना के तहत निर्माणाधीन एसटीपी और नालों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मथुरा से वृंदावन तक ड्रोन सर्वे कर यमुना में गिरने वाले नालों की पहचान कराने के निर्देश दिए। नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर आयुक्त ने बताया कि विकास प्राधिकरण के साथ संयुक्त कार्रवाई जारी है।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, नगर आयुक्त जग प्रवेश, परिषद के सीईओ सूरज पटेल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.