जागरण टुडे, गुड्डू यादव कासगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव दरूआपुर किशोरपुर में एक युवक द्वारा कथित रूप से आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिता की तेरहवीं कराने के लिए ग्रामीणों के दबाव और आर्थिक तंगी से परेशान होकर युवक ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए करीब 20 मिनट में अंतिम संस्कार कर दिया। बाद में मृतक के साले की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दरूआपुर किशोरपुर निवासी राजकुमार पुत्र अभिलाख सिंह की पत्नी तीन वर्ष पहले मायके चली गई थी। परिवार पर पहले से ही आर्थिक दबाव था। आठ फरवरी को उनके पिता अभिलाख सिंह का निधन हो गया। मृतक की मां कांति देवी का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने सामाजिक दबाव बनाकर तेरहवीं करने के लिए मजबूर किया। इसके लिए राजकुमार ने अपने साढ़ू हरपाल (निवासी बड़ा गांव कोटरा) से उधार रुपये लिए।
परिजनों के मुताबिक 19 फरवरी को तेरहवीं का कार्यक्रम किया गया। 21 फरवरी को राजकुमार गोरहा गया था, जहां कथित रूप से साढ़ू हरपाल ने उसे पैसे को लेकर भला-बुरा कहा। घर लौटने के बाद उसने तमंचे से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि घटना के बाद पुलिस कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से परिजनों ने बिना सूचना दिए लगभग 20 मिनट के भीतर ही अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर मृतक के साले ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। रविवार को पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना से गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। आर्थिक तंगी और सामाजिक दबाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।